परिजनों की डांट से नाराज होकर घर छोड़ गईं दो सगी बहनें, पुलिस ने सकुशल किया बरामद

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र से दो सगी बहनों के घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की बातों से नाराज होकर दोनों बच्चियां बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं। हालांकि पुलिस की तत्परता और तकनीकी अनुसंधान की मदद से दोनों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा कुम्हारटोली निवासी दोनों बहन 14 मई 2026 को अचानक घर से लापता हो गई थीं। बच्चियों के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना बोलबा थाना पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव को दी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल तकनीकी सहायता के माध्यम से दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को दोनों बहनों का लोकेशन पाकरटांड़ थाना क्षेत्र के सिकरियाटांड़ में मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की है।

















