प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को विचारधारा और राष्ट्रसेवा से जोड़ने का सशक्त माध्यम : आदित्य साहू

जमशेदपुर : आदित्य साहू ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्रसेवा के मूल मंत्र से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संगठन की विचारधारा, सेवा कार्यों, सरकार की उपलब्धियों तथा ऐतिहासिक विषयों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की जानकारी ली।
अपने संबोधन में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, सेवा और संगठन की भावना के साथ कार्य करता है और यही विचार पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा की रीति, नीति और विचारधारा के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं में वैचारिक दृढ़ता लाने का कार्य करेगा। साथ ही आगामी कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव और मार्गदर्शन को बूथ स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला तथा कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















