सिमडेगा में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन सख्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सिमडेगा पुलिस और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए मंगलवार को एसपी कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक (एसपी) एम अर्शी की अध्यक्षता में चेंबर ऑफ कॉमर्स और अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक और वाहन पार्किंग की समस्याओं को दूर करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
एसपी एम अर्शी ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेतरतीब वाहन पार्किंग, हेलमेट न पहनने, तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही, ऑटो चालकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित ऑटो स्टैंड पर ही खड़ा करें। बस स्टैंड, महावीर चौक या अन्य स्थानों पर ऑटो खड़ा करने या यात्रियों को चढ़ाने-उतारने पर कार्रवाई होगी।
मार्किंग और व्यवस्थित पार्किंग पर जोर
एसपी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के दोनों ओर प्रशासन द्वारा मार्किंग की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों, खरीदारों और आम लोगों से अपील की कि वे अपने वाहनों को मार्किंग क्षेत्र के बाहर व्यवस्थित तरीके से पार्क करें ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या न हो। इसके अलावा, बस चालकों को निर्देश दिया गया कि वे बस स्टैंड से बस निकलने के बाद सड़क पर रुक-रुककर या धीमी गति से नहीं चलें। यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए केवल चिन्हित स्टॉपेज पॉइंट का उपयोग करें।
ऑटो और बस स्टॉपेज पॉइंट चिन्हित करने का निर्देश
बैठक में सर्कल ऑफिसर (सीओ), थाना प्रभारी और नगर परिषद को ऑटो स्टॉपेज पॉइंट और बस स्टॉपेज पॉइंट चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। सभी ऑटो और बस चालकों को इन निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने और यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए कहा गया है।
बैंकों को भी जिम्मेदारी
एसपी ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे अपने बैंक के सामने वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करें। इसके लिए प्रत्येक बैंक को एक गार्ड नियुक्त करने को कहा गया है, जो वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने में सहायता करेगा।
दुर्घटना मुक्त समाज का लक्ष्य
एसपी एम अर्शी ने कहा कि सड़क जाम और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले के नागरिकों को सुगम और सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी के सहयोग से दुर्घटना मुक्त समाज का निर्माण संभव है।


















