हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 42.5 लाख की अफीम बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
हजारीबाग : हजारीबाग जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। मुफसिल थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 8.2 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की, जिसकी बाजार कीमत करीब 42.5 लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान चार अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना 8 नवंबर 2025 की रात 11:45 बजे की है, जब पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि मुफसिल थाना क्षेत्र के कत्था फैक्ट्री के पास, टोयोटा शोरूम के सामने, एनएच-33 रोड, मुकुंदगंज के निकट कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर चार संदिग्धों को देखा, जो पुलिस को आता देख भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में प्रत्येक के पास से एक-एक बैग बरामद हुआ, जिसमें अफीम भरी हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे चतरा से अफीम लेकर हरियाणा बेचने जा रहे थे।
इस मामले में मुफसिल थाना कांड संख्या 187/25, दिनांक 9 नवंबर 2025, धारा 17(C)/21(C)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने छापामारी दल के सदस्यों को सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी है और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सतत अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई जिले में ड्रग तस्करी के खिलाफ पुलिस की सजगता का प्रतीक है।

















