लातेहार में बड़ी कामयाबी: 10 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां समेत 3 नक्सली गिरफ्तार
आशीष कुमार वैद्य
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लातेहार : लातेहार जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी और लातेहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में एसएसबी के कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने डालडा फैक्ट्री स्थित कैंप में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महुआडाड़ और गारू प्रखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
कमांडेंट ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों में 10 लाख रुपये का इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां और 2 लाख रुपये का इनामी नक्सली बबलू राम शामिल हैं। इनके साथ एक अन्य नक्सली को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाकर नक्सलियों के आवागमन और सप्लाई के रास्तों पर दबाव बनाया गया। इसके कारण नक्सली अपने रोजमर्रा के सामान के लिए पहाड़ और जंगलों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आगे भी अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाने के लिए सुरक्षा बल प्रतिबद्ध हैं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अभियान से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी मीडिया के साथ साझा कीं।

















