बोकारो में मवेशी लदे पिकअप वैन को पकड़ा, हुआ हंगामा, दो समुदायों में तनाव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

भूषण बोकारो
बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह मवेशियों से लदा पिकअप वैन पकड़े जाने के बाद दो समुदायों में तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने वाहन चालक के साथ मारपीट की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख खेतको इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। एसडीएम, एसडीपीओ समेत 6 थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य की।
क्या है पूरा मामला
बताते चले कि बुधवार तड़के खेतको बाईपास रोड पर कथारा-दांतू मुख्य मार्ग पर खेतको के ग्रामीणों ने मवेशियों से लदा एक पिकअप वैन देखा। शक होने पर ग्रामीणों ने वाहन रोककर पूछताछ की। वाहन में चालक समेत 2 लोग सवार थे और गाड़ी में कई पशु लदे हुए थे। जहां ग्रामीणों ने जब पूछताछ किया तो जवाब संतुष्ट नजर नहीं आया।
जवाब से असंतुष्ट ग्रामीणों ने पुलिस बुलाई
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। कभी कुछ, कभी कुछ बताते रहे। गौ तस्करी और पशु चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने वाहन खड़ा करवा कर पेटरवार थाना को सूचना दी।
जब्त मवेशी को थाना ले जाते वक्त बिगड़ा मामला
सूचना पर पेटरवार पुलिस, पूर्व मुखिया मो. शब्बीर अंसारी, कपील नायक मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग पर पुलिस की मौजूदगी में जिम्मेनामा बनाकर मवेशी सुपुर्द करने और वाहन समेत दोनों लोगों को थाना ले जाने की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने वाहन सवारों को घेरा जिससे स्थिति तनावपूर्ण हुई जहां मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने संभाला।
दो पक्षों में फैल सकता था तनाव
देखते ही देखते मामला दो समुदाय का बन गया और भीड़ भी बढ़ती गई। दोनों ओर से तनाव व्याप्त होने की स्थिति को देखते हुए पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा ने अतिरिक्त बल बुलाया, फिर भी मामला शांत नहीं हुआ तो कई थानों की पुलिस को बुलाया गया जहां 6 थानों की पुलिस, SDM, SDPO पहुंचे और हालात को संभालते हुए बेरमो एसडीएम मुकेश मछुआ, एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह, बोकारो थर्मल इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव, गोमिया सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, जरीडीह, कसमार, गांधीनगर, कथारा ओपी प्रभारी सदलबल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक पक्ष को वहां से हटाया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर चली गई। इन्हें पशुपालन विभाग को सौंपा जाएगा।
मवेशी के कागजात दिखाने के लिए कहा गया
घंटों चले घटनाक्रम के बाद भी मवेशियों की बिक्री या खरीद का कोई पुख्ता कागजात नहीं मिल पाया था। कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया था।
प्रशासन का बयान
एसडीएम मुकेश मछुआ ने कहा,
“एक मवेशी लदे गाड़ी को पकड़ा गया जहां दो पक्षों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गया था। मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ साथ शांति समिति के लोगों ने सराहनीय कार्य करते हुए स्थिति को नियंत्रण किया। अभी पूरी तरह से शांति बना हुआ है। वहीं पेटरवार थाना के पुलिस ने कहा कि अभी तक मवेशी ले जानेवाले ने कोई कागजात दिखा नहीं पाया है। जांच की जा रही है।”

















