रांची में कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी की मांग, PLFI के नाम पर व्हाट्सएप से मिली धमकी

रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में पीएलएफआई (PLFI) के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मकचुंद टोली निवासी धर्मवीर कुमार सिंह ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राथमिकी के अनुसार, धर्मवीर कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल पर अलग-अलग नए नंबरों से लगातार कॉल आ रहे थे। एक कॉल रिसीव करने पर कॉल करने वाले ने खुद को एक संगठन का सदस्य बताया। हालांकि उन्होंने उसकी पूरी बात सुने बिना कॉल काट दिया और उसे नजरअंदाज कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि 29 जून की शाम करीब 5 बजे उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से पीएलएफआई के नाम का एक धमकी भरा पत्र भेजा गया। पत्र में खुद को “क्रांतिकारी लाल सलाम” संगठन का बताते हुए उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो उनके और उनके लोगों के खिलाफ “फौजी कार्रवाई” की जाएगी। धमकी भरे पत्र में धर्मवीर कुमार सिंह के दोनों बच्चों का भी उल्लेख किया गया है, जो ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ते हैं। पत्र में बच्चों को लेकर भी गंभीर धमकी दी गई है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
धर्मवीर कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि धमकी मिलने के बाद उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है और उन्हें किसी भी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है। उन्होंने पुलिस से मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत के साथ उन्होंने व्हाट्सएप पर प्राप्त धमकी भरा पत्र और उन सभी मोबाइल नंबरों की सूची भी पुलिस को सौंपी है, जिनसे लगातार कॉल आने का दावा किया गया है।

















