NH-133 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, ग्रामीणों का हंगामा

दुमका: नेशनल हाईवे-133 पर हंसडीहा थाना क्षेत्र के गंगवारा गांव के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान गंगवारा निवासी मुस्तफा मियां की पुत्री जुवेदा खातून के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार जुवेदा खातून घर से गेहूं पिसवाने के लिए गांव स्थित मिल जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम की मांग की।
सूचना मिलने पर हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
















