जेपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरी लोजपा (रामविलास), बीरेन्द्र प्रधान ने की CBI जांच की मांग

रांची : जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी अभ्यर्थियों के अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का समर्थन मिला। पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना।

इस दौरान बीरेन्द्र प्रधान ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता पर युवाओं का विश्वास कायम रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार निष्पक्ष जांच कराने में सक्षम नहीं है तो पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।


उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देशानुसार लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) छात्रों और युवाओं की न्यायसंगत मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी हर मंच पर युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।


बीरेन्द्र प्रधान ने कहा कि चिराग पासवान हमेशा छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए मुखर रहे हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। धरना स्थल पर उमेश तिवारी, आदित्य विजय प्रधान, रतन पासवान, भोला जी, ममता रंजन, मनीषा झा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे।



















