शोर-शराबे के बीच झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, लाठीचार्ज के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा


रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ विधानसभा घेराव करने निकले छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विपक्षी विधायकों ने सदन में जोरदार विरोध दर्ज कराया। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक और शोर-शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी।


कार्यवाही शुरू होते ही छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा सदन में छाया रहा। विपक्षी विधायक छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सरकार से जवाब की मांग करते रहे। वहीं, सत्ता पक्ष की ओर से भी विपक्ष के आरोपों पर आपत्ति जताई गई, जिसके बाद सदन में हंगामा बढ़ गया।


विपक्षी विधायकों ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस मुद्दे को लेकर भाजपा सहित विपक्षी दलों ने सरकार को घेरने की कोशिश की।
लगातार जारी शोर-शराबे और हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया। इसके साथ ही झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त हो गया।



















