रांची में भारी बारिश का अलर्ट, 26 सितंबर को KG से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

रांची: भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने 26 सितंबर 2026 को जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 34 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, रांची जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में KG से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई 26 सितंबर को बंद रहेगी।

जिला प्रशासन के मुताबिक, भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची के 25 सितंबर के विशेष बुलेटिन में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रांची जिले को येलो जोन में रखा गया है। इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

स्कूलों में छुट्टी के बावजूद सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों को ई-विद्यावाहिनी में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। साथ ही उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, यदि किसी विद्यालय में इस अवधि के दौरान कोई अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है, तो उसके संचालन के संबंध में संबंधित विद्यालय के प्रधान अपने विवेक के अनुसार निर्णय ले सकेंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वाले संबंधित विद्यालय या संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत उत्तरदायी होंगे। प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि भारी बारिश के दौरान बच्चों को संभावित परेशानी और जोखिम से बचाया जा सके।

सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का ट्रायल, 52 खिलाड़ियों ने आजमाया दम
रांची: हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड महिला हॉकी टीम के चयन…

धनबाद में मिलावटी पनीर के खिलाफ छापेमारी, गौतम डेयरी सील; 60 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
धनबाद: जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन…
















