JSSC पेपर लीक मामले में परीक्षा संचालन एजेंसी का संचालक गिरफ्तार

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से वर्ष 2022 में आयोजित कनीय अभियंता (डिप्लोमा) परीक्षा के पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने परीक्षा संचालन एजेंसी के संचालक को मुंबई से गिरफ्तार किया है।

जेएसएससी ने 3 जुलाई 2022 को कनीय अभियंता (डिप्लोमा) के 1,279 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही उत्तरमाला वायरल होने और पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद आयोग ने परीक्षा रद्द कर दी थी।
इसके बाद अभ्यर्थी मिथिलेश कुमार महतो के लिखित आवेदन पर नामकुम थाना कांड संख्या 227/22 दर्ज किया गया। मामले में IPC की धारा 420, 467, 468, 120(बी), आईटी एक्ट की धारा 66 और बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम की धारा 10 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।

जांच में सामने आया कि परीक्षा का संचालन नई दिल्ली की Bynsis Technology Pvt. & Ltd. कंपनी ने किया था। जांच के दौरान पेपर लीक के जरिए पटना में अभ्यर्थियों को प्रश्नोत्तर उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पता चला। जांच एजेंसी को परीक्षा संचालन एजेंसी और उसके संचालक की कथित संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले।
मामले में पूर्व में कई आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। एसआईटी ने अब परीक्षा संचालन एजेंसी के वांछित संचालक सह निदेशक अरुण कुमार, पिता स्वर्गीय हरिनारायण सिंह, निवासी खोखुना, थाना चिकसौरा, जिला नालंदा (बिहार) को मुंबई से गिरफ्तार किया है। उन्हें 10 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसआईटी की ओर से मामले में शामिल अन्य चिन्हित और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


















