chaibasa-attempt-steal-government-rice-chakradharpur

चाईबासा : चक्रधरपुर में सरकारी चावल चोरी की कोशिश, युवक को पकड़कर हाथ-पैर बांधे

Share
Link copied

चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर रविवार देर रात सरकारी चावल की बोरियां चोरी कर ले जाने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। ट्रक से चावल की बोरियां निकालकर ई-रिक्शा में लादकर ले जा रहे एक युवक को ट्रक चालकों ने पीछा कर पकड़ लिया। इसके बाद चालकों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे मौके पर रोक लिया और पुलिस तथा एफसीआई अधिकारियों को सूचना दी।

पकड़े गए युवक की पहचान रेलवे क्षेत्र के गैंगखोली निवासी विकास सतनामी के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, मामले में युवक की भूमिका और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Advertisment
Advertisment

रात करीब दो बजे खुली ट्रक चालक की नींद

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक संजय शर्मा सरायकेला स्थित एफसीआई गोदाम से सरकारी चावल लेकर चक्रधरपुर पहुंचे थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण एफसीआई गोदाम बंद था। चालक ने ट्रक को प्रखंड कार्यालय के समीप खड़ा किया और केबिन में सो गए।

रात करीब दो बजे उनकी नींद खुली तो ट्रक के पिछले हिस्से में लगा तिरपाल खुला मिला। इसके बाद उन्हें ट्रक से चावल की बोरियां निकाले जाने का संदेह हुआ। उन्होंने आसपास खड़े अन्य ट्रकों के चालकों को इसकी जानकारी दी।

Advertisment
Advertisment

ई-रिक्शा में लदी मिलीं चावल की बोरियां

इसके बाद कई ट्रक चालकों ने आसपास के इलाके में चावल ले जाने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू की। इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के मुहाने के पास एक ई-रिक्शा दिखाई दिया, जिस पर चावल की बोरियां लदी थीं।

चालकों के अनुसार, ई-रिक्शा लेकर जा रहे युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो वह वाहन छोड़कर भागने लगा। चालकों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और वापस घटनास्थल पर ले आए।

RKDF
advertisement

हाथ-पैर बांधकर रखा, पुलिस को दी सूचना

पकड़े जाने के बाद ट्रक चालकों ने युवक के हाथ-पैर बांध दिए और उसे मौके पर रोककर रखा। चालकों का आरोप है कि युवक ट्रक से निकाली गई सरकारी चावल की बोरियों को ई-रिक्शा के जरिए दूसरी जगह ले जाने की कोशिश कर रहा था।

ट्रक चालक संजय शर्मा के अनुसार, पकड़े जाने के बाद युवक ने कथित तौर पर अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने कथित साथियों के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार किया।

कितनी बोरियां निकाली गईं, जांच में होगा खुलासा

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और एफसीआई के अधिकारियों को दी गई। सोमवार सुबह एफसीआई के एजीएम के मौके पर पहुंचने की बात कही गई है। इसके बाद युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।