शादी से इनकार पर महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

सिमडेगा: शादी से इनकार करने से नाराज एक युवक ने 27 वर्षीय महिला पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। घटना 20 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे जलडेगा थाना क्षेत्र में हुई। महिला के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 55/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार, आरोपी अनिल लुगुन (38), पिता निरंजन लुगुन, ग्राम बुखलुला महतो टोली, थाना बानो, महिला के घर पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसने महिला पर शादी करने के लिए दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान अनिल ने धारदार कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी और महिला के बीच पहले शादी तय हुई थी और दोनों का लोटा-पानी भी हो चुका था। बाद में महिला को आरोपी के किसी दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसने शादी से इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी श्रीकांत राम खोटरे के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 सितंबर को आरोपी अनिल लुगुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को 22 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा और गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।


इचाक मोड़ पर ट्रेलर की चपेट में आने से होली क्रॉस स्कूल की शिक्षिका की मौत, चालक गिरफ्तार
हजारीबाग: इचाक थाना क्षेत्र के इचाक मोड़ के समीप सोमवार रात सड़क हादसे में होली क्रॉस स्कूल की शिक्षिका सोनाली लता की…

झारखंड में तीन दिन मौसम रहेगा खराब, 11 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट; 24 सितंबर को 5 जिलों में ज्यादा खतरा
रांची। झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 से 25 सितंबर…
















