बहरागोड़ा में बंद मकान का ताला तोड़ चोरी, 95 हजार नकद समेत लाखों के जेवरात ले गये चोर
जमशेदपुर। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राजलाबांध में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए 95 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिये। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने गृहस्वामी शुभेंदु कुईला को दी। इसके बाद वह जमशेदपुर से राजलाबांध स्थित अपने घर पहुंचे। घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर कमरों का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी भी टूटी हुई थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुभेंदु कुईला ने पुलिस को बताया कि उनकी मां रेवती कुईला 18 सितंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गयी थीं। उनका आदित्यपुर स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मां के इलाज के लिए वह अपनी पत्नी के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे। इसी कारण राजलाबांध स्थित उनका मकान कई दिनों से बंद था।

अलमारी से नकदी और जेवरात चोरी
गृहस्वामी के अनुसार, चोर अलमारी में रखे करीब 95 हजार रुपये नकद, सोने की एक जोड़ी चूड़ी, पांच अंगूठियां, चार जोड़ी कान की बालियां और एक हार चोरी कर ले गये। चोरी गये आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान हो सकेगी।

इलाके में पहले भी हो चुकी है चोरी
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, राजलाबांध इलाके में इससे पहले भी दो घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में चिंता बनी हुई है।


















