सारंडा में बारिश और तेज हवाओं का कहर, कारो नदी उफनी, पुलिया डूबी; बिजली आपूर्ति ठप

पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में पिछले करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के पहाड़ी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। खराब मौसम के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम देखी गई। बारिश के बीच स्कूली बच्चे छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल जाते नजर आए।

लगातार बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर बोकना गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप कारो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है और उसके ऊपर से पानी बह रहा है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव के बीच पुलिया पार नहीं करने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।

बारिश और तेज हवाओं के कारण सेल की नगरी किरीबुरू और मेघाहातुबुरु में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई है। सेल विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नोवामुंडी ग्रिड और बोकना के समीप विद्युत लाइन में दो स्थानों पर इंसुलेटर पंचर अथवा टूटने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हुई है। तकनीकी टीम दोनों स्थानों पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। वहीं जय गुरु आश्रम के पास बिजली लाइन पर गिरी पेड़ की डाली को भी कर्मचारियों ने हटा दिया है।

तेज हवाओं के कारण सारंडा के जंगलों में दर्जनों पेड़ गिर गए, जिससे कई स्थानों पर सड़क आवागमन प्रभावित हुआ। 24 सितंबर की देर शाम थोलकोबाद घूमने गए पर्यटक जुम्बईबुरु और करमपदा के पास पेड़ गिरने के कारण घंटों फंसे रहे। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों को काटकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।

मौसम अनुकूल रहने पर शुक्रवार दोपहर तक किरीबुरू और मेघाहातुबुरु में बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई गई है। लगातार बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने तथा जलमग्न पुल-पुलियों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

हुनर को पहचान और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन, ‘उड़ान’ अभियान में पांच महिला उद्यमी सम्मानित
चाईबासा: महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा की ओर से शुक्रवार…

गिरिडीह पुलिस का ‘मोबाइल रिटर्न मिशन’, 105 लोगों को लौटाए गए गुम मोबाइल
गिरिडीह। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 105 लोगों के चेहरों पर शुक्रवार को उस वक्त खुशी लौट आई,…
















