मोहर्रम के अवसर पर 27 जून को रांची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन का आदेश

रांची: मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून (शनिवार) को रांची जिले के अधिकांश क्षेत्रों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाने के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय 27 जून को बंद रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि जुलूस के कारण शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा, जिससे स्कूली बच्चों की आवाजाही में कठिनाई हो सकती है।
हालांकि, जिन विद्यालयों में 27 जून को पहले से परीक्षा निर्धारित है, वे अत्यंत आवश्यक होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), रांची को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।















