बानो पुलिस की तत्परता से पत्नी हत्याकांड का खुलासा: आरोपी पति आधे घंटे में गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : बानो थाना क्षेत्र के बादलूंग गांव में आपसी विवाद के चलते पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी पति ने पत्नी की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज आधे घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सूचना मिलते ही बानो थाना प्रभारी मानव मयंक के नेतृत्व में एएसआई अशोक कुमार राम और पुलिस दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित जांच शुरू की। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने हालात का जायजा लिया और प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, आपसी विवाद की गहराई और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है। मृतका की पहचान कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया गया।


















