बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता: ओडिशा का अंतर्राज्यीय झपटमार गिरोह धराया, 3 आरोपी गिरफ्तार

बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता: ओडिशा का अंतर्राज्यीय झपटमार गिरोह धराया, 3 आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied

बोकारो : बोकारो पुलिस ने अंतर्राज्यीय झपटमार गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह ओडिशा से आता था और झारखंड व बिहार के विभिन्न जिलों में झपटमार की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाता था। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए कई मोबाइल फोन, अन्य सामान और दो चोरी की मोटरसाइकिलें (जिनमें अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल की जाती थीं) बरामद की हैं।

गिरफ्तार आरोपी ओडिशा के जाजपुर जिले के रहने वाले हैं। ये आरोपी पहले किसी क्षेत्र में किराए का मकान लेते थे, फिर रेकी कर आसान शिकार चुनते थे और अचानक झपटा मारकर चोरी की बाइक से फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार इस गिरोह की जड़ें आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार तक फैली हुई थीं। झारखंड और बिहार के कई जिलों में इनके द्वारा आतंक फैलाया गया था।

यह सफलता गांधीनगर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान मिली। धर्मशाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम (STF) की सतत कार्रवाई से गिरोह के सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े।

बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी से कई पुरानी वारदातों का उद्भेदन हुआ है और भविष्य में होने वाली कई योजनाओं पर पानी फिर गया है। उन्होंने इसे पुलिस के लिए बड़ी राहत और आम जनता के लिए सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण कामयाबी बताया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शेष सदस्यों की तलाश जारी है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow