Chaibasa: Healthcare facility gift for Karampada on Ganesh Chaturthi

चाईबासा : गणेश चतुर्थी पर करमपदा को स्वास्थ्य सुविधा की सौगात, नए स्वास्थ्य भवन का हुआ भूमि पूजन

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अश्वनी पाठक

चाईबासा। गणेश चतुर्थी के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के करमपदा क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली। सोमवार को करमपदा में नए स्वास्थ्य भवन के निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, मुखिया लिपि मुंडा, मुखिया पार्वती किड़ो, ग्राम मुंडा राहुल नायक, राजेश मुंडा, सहिया सुमती देवी, लाली देवी और अमृता देवी सहित अन्य ग्रामीण शामिल हुए।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य भवन के निर्माण का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से आसपास के गांवों के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम होगी।

RKDF
advertisement

भूमि पूजन के बाद जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य भवन का निर्माण पूरा होने के बाद करमपदा और आसपास के गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य भवन का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है और निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

पेयजल समस्या भी उठी

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या भी जनप्रतिनिधि के सामने रखी। ग्रामीणों ने नल-जल व्यवस्था में सुधार करने के साथ खराब पड़े डीप बोरिंग की मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, डीप बोरिंग खराब होने के कारण कई स्थानों पर लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर देवकी कुमारी ने आश्वासन दिया कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद खराब पड़े डीप बोरिंग की मरम्मत कराकर उन्हें चालू कराने की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Also Read :