मानसून में भी नहीं थमेगा कोयला उत्पादन, बीसीसीएल सीएमडी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

धनबाद: मानसून के दौरान कोयला उत्पादन और आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बस्ताकोला विकास भवन में सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों (एचओडी) और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने राजापुर कोलियरी का निरीक्षण कर उत्पादन, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
समीक्षा बैठक में खदानों में जलजमाव की समस्या से निपटने, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने, सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन और निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सीएमडी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बारिश के मौसम में भी कोयला उत्पादन और परिवहन किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होना चाहिए।

उन्होंने सभी परियोजनाओं में दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। साथ ही मानसून के दौरान संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने राजापुर कोलियरी का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने का निर्देश दिया। बीसीसीएल प्रबंधन का लक्ष्य मानसून के दौरान भी कोयला उत्पादन और आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखते हुए सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करना है।

















