राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद रांची पहुंचे डॉ. प्रदीप वर्मा, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की राष्ट्रीय टीम में झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार रांची पहुंचे डॉ. प्रदीप वर्मा का बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

रांची एयरपोर्ट पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। डॉ. वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सचिव बनने तक का उनका सफर अकेले का नहीं है। इसमें प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं का लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने इसके लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

झारखंड की राजनीतिक स्थिति पर उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार के करीब सात वर्षों के कार्यकाल में राज्य की जनता में निराशा बढ़ी है। खासकर युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
डॉ. प्रदीप वर्मा ने आरोप लगाया कि झारखंड में नौकरियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और छात्रों को अपने अधिकारों के लिए सड़क पर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं और छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

















