loot-rs-80000-finance-company-agent

धालभूमगढ़ में फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 80 हजार की लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied

लूट में इस्तेमाल बाइक, मोबाइल, टैबलेट और चाकू बरामद, 68,120 रुपये नकद भी मिले

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, टैबलेट, चाकू और 68,120 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गुरुवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के गोगलो जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट को निशाना बनाया था। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एजेंट से करीब 80 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और टैबलेट लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (Special Investigation Team) गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य (Technical Evidence) और तकनीकी शाखा की मदद से जांच शुरू की। लूटे गए मोबाइल फोन की लोकेशन और मोटरसाइकिल के मालिक से जुड़े सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद 18 नवंबर की शाम श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, टैबलेट, चाकू और 68,120 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य संभावित आपराधिक कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।