शिबू सोरेन की सेहत में सुधार, सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा इलाज
रीता कुमारी
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। 81 वर्षीय सोरेन दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर गहन निगरानी रख रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है और धीरे-धीरे बेहतर हो रही है।
शिबू सोरेन को 19 जून 2025 को ब्रेन स्ट्रोक और किडनी संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की सतर्कता और समय पर उपचार के कारण उनकी स्थिति में सकारात्मक प्रगति देखी जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी रिकवरी संतोषजनक है, और वे नियमित रूप से उनकी जांच कर रहे हैं।
शिबू सोरेन से कुशलक्षेम जानने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का अस्पताल में तांता लगा हुआ है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ समर्थकों और शुभचिंतकों की ओर से दुआएं की जा रही हैं।
झामुमो नेतृत्व और उनके परिवार ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों का उनके समर्पित प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया है। शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर जल्द ही और अपडेट की उम्मीद है।


















