कोयल नदी में डूबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत, सुबह बरामद हुआ शव

खूंटी: रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में कोयल नदी में डूबने से छह वर्षीय बच्चे आजलान मियां की मौत हो गई। गुरुवार शाम नदी में डूबने की आशंका के बाद पुलिस और ग्रामीण देर रात तक बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह उसका शव नदी के एक गहरे दह से बरामद किया गया।

ग्रामीण यासिन अंसारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे 12 वर्षीय अब्दुल्ला और छह वर्षीय आजलान को ग्रामीणों ने एक साथ कोयल नदी की ओर जाते देखा था। दोनों स्कूल से लौटने के बाद नदी की तरफ गए थे। देर शाम तक आजलान के घर नहीं लौटने पर उसके पिता समीम मियां और अन्य ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

इस दौरान अब्दुल्ला से पूछताछ करने पर उसने बताया कि आजलान नदी में नहाने के लिए उतरा था और नदी की धार में डूब गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण नदी तट पर पहुंचे। वहां नदी से करीब दो फीट ऊपर आजलान के कपड़े पड़े मिले, जिससे उसके नदी में डूबने की आशंका और गहरा गई।

ग्रामीणों ने जिस स्थान पर बच्चे के कपड़े मिले, वहां नदी में तलाश शुरू की। बताया गया कि वहां एक बड़ा चट्टान है। इसके एक तरफ नदी की धारा बहती है, जबकि दूसरी तरफ करीब 50 फीट व्यास और लगभग 15 फीट गहरा दह है। ग्रामीणों ने रात तक दह में डुबकी लगाकर बच्चे की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की और आजलान का शव दह से बरामद कर लिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे सोदे गांव में शोक का माहौल है।

रांची सहित पूरे झारखंड में आज आसमान रहेगा साफ और शुष्क, तापमान 20-30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान
रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और अन्य पूर्वानुमान स्रोतों के अनुसार, आज शुक्रवार को रांची सहित पूरे झारखंड में मुख्य रूप…

2027 वनडे वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल: भारत के 5 मैच, 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ंत
आईसीसी ने 2027 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में…
















