Tempo robbery case in Ranchi solved; two criminals arrested, and stolen jewelry and mobile phones recovered.

रांची में टेम्पू लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार, चोरी के जेवर और मोबाइल बरामद

Share
Link copied
Tempo robbery case in Ranchi solved; two criminals arrested, and stolen jewelry and mobile phones recovered.
Tempo robbery case in Ranchi solved; two criminals arrested, and stolen jewelry and mobile phones recovered.

रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र में टेम्पू रोककर लूटपाट करने की घटना का रांची पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए सामान, चोरी का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 20 जून 2026 को धुर्वा सेक्टर-1 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप रहने वाले श्याम सुंदर कुमार ने अज्ञात अपराधियों द्वारा टेम्पू रोककर लूटपाट किए जाने की शिकायत डोरंडा थाना में दर्ज कराई थी। इस संबंध में डोरंडा थाना कांड संख्या 156/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डोरंडा थाना क्षेत्र के लाइन मोहल्ला में अपराधियों के छिपे होने की सूचना पर कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोहम्मद नाविद राजा के घर में दबिश दी, जहां एक कमरे में मोहम्मद नाविद राजा और अरमान अंसारी उर्फ अरमान छिपे हुए मिले। पूछताछ के दौरान दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी के दौरान अरमान अंसारी के पास से एक इनफिनिक्स कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में उसने मोबाइल चोरी का होना स्वीकार किया। वहीं मोहम्मद नाविद राजा के घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने लूटकांड में चोरी गए चांदी के जेवरात बरामद किए। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त अपराधियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।