बिहार में दंगे हुए नहीं है करवाए गए है , एक राज कर रहा है , दूसरा उसका एजेंट : Nitish Kumar
Nitish Kumar
Drishti Now Ranchi
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सासाराम और नालंदा में कुछ लोगों की ओर से जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। बिहार में हिंसा हुई नहीं, कराई गई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि 2 लोग हैं, एक राज कर रहा है और दूसरा उसका एजेंट है। यही लोग सब करवा रहे हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा में हुई हिंसक झड़प साजिश का हिस्सा है, लेकिन प्रशासन ने सही तरीके से सब कुछ संभाला है। एक-एक आदमी से सब कुछ पूछा जा रहा है। जल्द ही आप लोगों को सब पता चल जाएगा।
नीतीश के इस बयान पर AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने जवाब दिया है। सोशल मीडिया पर लिखा- मैंने CM नीतीश कुमार से पूछा कि जुलूस के नाम पर हिंदू संगठनों ने फसाद फैलाया और प्रशासन उन्हें रोकने में नाकामयाब रही, लेकिन मेरे सवाल का जवाब देने के बजाय वे हमें एजेंट कह रहे हैं। आप अपने भतीजे को लेकर मस्जिद जाइए मुआवजे का ऐलान कीजिए।
इससे पहले CM ने कहा था कि यह सब होना बड़े दुख की बात है। हमने कह दिया है कि कौन गड़बड़ करता है, जांच कीजिए। इस तरह की घटना नहीं होती थी। सब दिन अच्छे ढंग से चल रहा था। थोड़ा बहुत इधर उधर होता था, उस पर एक्शन भी करते थे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा है कि अभी तक बिहार में हुए दंगे की जांच रिपोर्ट नहीं आई है तो फिर मुख्यमंत्री कैसे इस मामले पर बयानबाजी कर रहे हैं। 72 घंटे तक फ्लैग मार्च क्यों नहीं हुआ? केंद्रीय बल ने आकर सुरक्षा दी है, तब स्थिति सुधर रही है।
हालात को काबू करने के लिए मुस्तैदी से काम किया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को जल जीवन हरियाली पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में बिहार में हुए हिंसक झड़प पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि सासाराम और बिहारशरीफ में कुछ लोगों ने जानबूझ कर गड़बड़ किया। इसलिए ऐसे हालात बने। बिहार में पहले बहुत ही झंझट होता था। हमारे आने के बाद यह सब खत्म हुआ। हमने इस हालात को काबू करने के लिए मुस्तैदी से काम किया है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह को सासाराम जाना था। इसलिए यह सब करवाया गया। जानबूझकर बिहार में यह घटनाएं कराई गई हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार किया गया। अब हर घर में जाकर जानकारी ली जा रही है। कुछ दिन बाद घटना का कारण सब पता चलेगा।
ओवैसी पर भी बोले नीतीश…
CM ने कहा कि ओवैसी केंद्र सरकार के एजेंट हैं। भाजपा के खास हैं और हमलोग के खिलाफ जानबूझकर बोलते रहते हैं। ओवैसी की बातें मीडिया में काफी छपती हैं। लेकिन बड़ी-बड़ी पार्टियों की खबरें नहीं छपती है।
बीजेपी ने CM को दिया जवाब
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को भाजपा का एजेंट बताए गया। इसके जवाब में विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये खुद देश के लोकतंत्र की हत्या करने वालों का एजेंट हैं। बिहार लोकतंत्र की जननी है। यहां के लोग लोकतंत्र के हत्यारों को कभी माफ नहीं करेंगे। इनका निशानी मिट जाएगा। जातीय और धार्मिक उन्माद के अलावा इनका कोई विजन नहीं है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
नीतीश कुमार ने कहा कि सभी जाति धर्म के लोगों को हम अलर्ट कर रहे हैं। अधिकारियों को भी अलर्ट करके रखा है। सासाराम और बिहारशरीफ की घटनाओं में प्रशासनिक लापरवाही नहीं हुई है। जिन्होंने जानबूझकर गड़बड़ी की है। उसकी खोज की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बीजेपी में एंट्री बंद होने के बयान पर नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा को याद रखना चाहिए। मेरे साथ रहकर उनको राजनीति में कितना फायदा मिला। यह उन्हें भूलना नहीं चाहिए। इन लोगों का यह तरीका है, कुछ बोलते रहना। हम उसे नोटिस नहीं लेते हैं। सुशील मोदी के लाल किला के फोटो वाले बयान पर कहा कि सुशील मोदी को बोलना ही है, उनके पास और कोई उपाय नहीं है। अगर नहीं बोलेंगे तो भाजपा उनको निकाल देगी।
हमारे व्हाट्सप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पे क्लिक करे :-