JSSC कार्यालय में CID की छापेमारी,JSSC CGL से लेकर पीजीटी से जुड़े मामले की जांच तेज

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के कार्यालय में सोमवार को CID की टीम के पहुंचने की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, CID की टीम आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ कर रही है। यह कार्रवाई JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस बीच JSSC-PGTTCE 2023 परीक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आरोप है कि परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर सॉफ्टवेयर और कंप्यूटर सिस्टम के कथित दुरुपयोग के जरिए चुनिंदा अभ्यर्थियों को पास कराने की व्यवस्था की गई थी।

इन परीक्षा केंद्रों पर उठे सवाल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रांची के भव्या परीक्षा केंद्र, संस्कार आईटी सेंटर (सरला-बिरला स्कूल के पास), बूटी मोड़ स्थित परीक्षा केंद्र और बोकारो के दो परीक्षा केंद्रों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
आरोपों के मुताबिक, कथित तौर पर सेटिंग वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले उनकी पहचान के लिए कपड़ों के रंग और लाइन जैसी जानकारी तक दी जाती थी। इसके बाद उन्हें ऐसे कंप्यूटर पर बैठाने की व्यवस्था की जाती थी, जिसे कथित रूप से किसी दूसरे स्थान से रिमोट एक्सेस किया जा सकता था।

अभ्यर्थी सिर्फ माउस चलाता था, सवाल कोई और हल करता था?
दावा यह भी है कि कथित सेटिंग वाले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में कंप्यूटर के सामने बैठते थे, जबकि किसी दूसरे कमरे में मौजूद सॉल्वर को कंप्यूटर का रिमोट एक्सेस मिल जाता था। इसके बाद अभ्यर्थी केवल माउस चलाता था और प्रश्नों को हल करने का काम कथित रूप से दूसरा व्यक्ति करता था।
यदि जांच में इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद गंभीर सवाल खड़े करेगा।
CID की कार्रवाई से बढ़ी हलचल
JSSC कार्यालय में CID की कथित छापेमारी और सचिव से पूछताछ के बाद CGL से लेकर PGTTCE-2023 समेत आयोग की अन्य परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, छापेमारी के दौरान CID को क्या-क्या दस्तावेज या इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले और पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
















