JSSC PGT परीक्षा में अभय तिवारी का नाम टॉपर सूची में, दस्तावेज सामने आने से उठे सवाल

रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रही जांच के बीच JSSC PGT परीक्षा से जुड़ा एक दस्तावेज सोशल मीडिया पर सामने आया है। दस्तावेज में अभय कुमार तिवारी का नाम अंग्रेजी विषय की सूची में सबसे ऊपर दर्ज है। इसे लेकर JSSC PGT परीक्षा की प्रक्रिया और अभय तिवारी की भूमिका पर नए सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

सामने आए दस्तावेज में Subject: English लिखा है। सूची में क्रम संख्या एक पर अभय कुमार तिवारी का नाम, रोल नंबर 10309146 और पिता का नाम सुखदेव तिवारी दर्ज है। दस्तावेज के अनुसार उनका पूर्ववर्ती विद्यालय शशि भूषण राय +2 हाई स्कूल, सिमरा, देवघर और प्रतिनियुक्त विद्यालय आर. मित्रा जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, देवघर बताया गया है।

दस्तावेज पर 15 जुलाई 2024 की तारीख भी दिखाई दे रही है। अभय तिवारी का नाम पहले से ही झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में चर्चा में है। ऐसे में JSSC PGT की अंग्रेजी विषय की सूची में उनका नाम सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर जांच चल रही है तो PGT परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच क्यों नहीं की जा रही है?
अब निगाहें जांच एजेंसियों और सरकार की ओर हैं कि सामने आए दस्तावेज की सत्यता की जांच कर इसमें दर्ज तथ्यों की पुष्टि की जाती है या नहीं।















