रांची में बारिश का असर: तीन जगह हादसे, कार पलटी तो सचिवालय में पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त

रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार को खराब मौसम और बारिश के बीच अलग-अलग स्थानों पर हादसे हुए। चुटिया छठ तालाब के पास स्कॉर्पियो की ट्रांसफार्मर से टक्कर हो गई। वहीं डिबडीह ओवरब्रिज पर एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद स्ट्रीट लाइट के पोल से जा भिड़ी और पलट गई। इसके अलावा धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) परिसर में विशालकाय पेड़ गिरने से वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

चुटिया छठ तालाब के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस हादसे में स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गया है।

दूसरी घटना रांची के डिबडीह ओवरब्रिज पर हुई। यहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर स्ट्रीट लाइट के पोल को टक्कर मारते हुए पलट गई। कार में दो युवक सवार थे। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद राहगीरों ने मदद कर कार को सड़क किनारे खड़ा कराया।

इधर, धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) परिसर में एक विशालकाय पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ की चपेट में परिसर में पार्क की गईं कई गाड़ियां आ गईं। इससे वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

एक ही दिन में रांची के अलग-अलग हिस्सों में हुई इन घटनाओं ने बारिश और खराब मौसम के दौरान सड़क पर सतर्कता के साथ-साथ पेड़ों और बिजली के ढांचे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

तेनुघाट में नहर में गिरी फॉर्च्यूनर, दो युवक घायल बाइक सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा, दोनों की हालत खतरे से बाहर
बोकारो। तेनुघाट ओपी क्षेत्र के चांपी के पास देर रात करीब 12 बजे एक फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे…

पंजाब से घर लौट रहे प्रवासी मजदूर की ट्रेन से गिरकर मौत, गढ़वा में रेलवे ट्रैक से मिला शव
खूंटी: तोरपा प्रखंड के डोड़मा महुआ टोली गांव निवासी 40 वर्षीय प्रवासी मजदूर जयमसीह भेंगरा की गढ़वा में ट्रेन से गिरकर मौत…
















