ढीपासाई अरण्य में मृत मिली हथिनी, एक साल में सात हाथियों की मौत से बढ़ी चिंता

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ढीपासाई अरण्य में एक हथिनी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भनगांव बाजार के समीप जंगल में ग्रामीणों ने हथिनी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव व आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर हथिनी के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों और वनकर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मौत के संभावित कारणों की पड़ताल शुरू कर दी।

हथिनी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। वन विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्राकृतिक कारण और बीमारी के अलावा शिकार, जहरीला पदार्थ या अन्य संदिग्ध परिस्थितियों के पहलुओं से भी जांच की जा रही है।

स्थानीय ग्राम मुंडा राम जीवन बेहरा ने बताया कि जिस स्थान पर हथिनी का शव मिला है, उसके आसपास बिजली के तार या विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में करंट लगने की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि वन विभाग सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है।

जगन्नाथपुर और आसपास के जंगल हाथियों के नियमित आवागमन वाले क्षेत्र माने जाते हैं। पिछले एक वर्ष में इस इलाके में करीब सात हाथियों की मौत होने की जानकारी सामने आने के बाद वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ गई है। हाथियों के झुंड अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों में भी पहुंचते हैं, जिससे ग्रामीणों की फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं होती रही हैं।

लगातार हाथियों की मौत से स्थानीय ग्रामीणों के साथ वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों में भी चिंता है। अब वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की नजर है, जिसके बाद हथिनी की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

एशियन गेम्स में अंकिता भकत ने रचा इतिहास, भारत ने पहली बार जीता महिला रिकर्व टीम स्वर्ण
जमशेदपुर: टाटा आर्चरी एकेडमी (टीएए) की तीरंदाज अंकिता भकत ने 2026 एशियन गेम्स में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अंकिता भकत, कीर्ति…

बोकारो रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान 63 वर्षीय यात्री की मौत, ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच फंसे
बोकारो: बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। चेरलपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के…
















