लापरवाही के आरोप में सीतारामडेरा थाना प्रभारी निलंबित, जमशेदपुर पुलिस में बढ़ी सख्ती

जमशेदपुर: पुलिसिंग में लापरवाही के आरोप में जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इस कार्रवाई को थाना स्तर पर जवाबदेही तय करने और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों पर सख्ती बढ़ाने के तौर पर देखा जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिसिंग को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय समीक्षा और जांच के दौरान थाना प्रभारी की कार्यशैली में लापरवाही सामने आने की बात कही गई है। वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता को भी कार्रवाई का आधार बताया जा रहा है।

सीतारामडेरा थाना प्रभारी पर कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल है। इससे पहले बिरसानगर थाना प्रभारी को भी निलंबित किया जा चुका है। हालांकि, उनके खिलाफ कार्रवाई के विस्तृत कारणों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है।

एसएसपी की कार्रवाई के बाद थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपेक्षा की जा रही है। सीतारामडेरा में नए थाना प्रभारी की पदस्थापना को लेकर भी प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी है।

इधर, गोलमुरी और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में हाल की आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। गोलमुरी थाना क्षेत्र में केनरा बैंक में डकैती के दौरान बदमाशों के लंबे समय तक बैंक के अंदर रहने और वारदात के बाद फरार होने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर चर्चा हो रही है। इसी दौरान आभूषण दुकान में चोरी की घटना ने भी पुलिस के सामने चुनौती बढ़ाई है।

इन घटनाओं के मामलों में जांच जारी है। हालांकि, इनके संबंध में किसी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बैंक डकैती की जांच और उसके खुलासे के बाद पुलिस विभाग की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर बनी हुई है।

पटना में रांची के रिटायर्ड इंजीनियर का कार में मिला शव, गर्दन में लगी थी गोली; पिस्टल बरामद
पटना: बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क किनारे खड़ी एक कार से रांची निवासी सेवानिवृत्त…

पाकुड़ में किराना दुकान पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, दुकानदार पर चलाई गोली; CCTV में कैद हुई वारदात
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोहलपहाड़ी गांव में शुक्रवार देर रात लूटपाट…















