धनबाद : चांदमारी कोलियरी में मैनुअल लोडिंग शुरू कराने की मांग, महिला-युवा मजदूरों का प्रदर्शन
धनबाद। चांदमारी कोलियरी के समीप सोमवार को मैनुअल लोडिंग का काम दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर मजदूरों ने प्रदर्शन किया। जनता श्रमिक संघ के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और युवा मजदूर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में संगठन के झंडे लेकर बीसीसीएल प्रबंधन से मैनुअल लोडिंग का काम शुरू कराने की मांग की। मजदूरों का कहना है कि करीब दो-तीन वर्ष पहले तक चांदमारी कोलियरी में स्थानीय मजदूरों के माध्यम से मैनुअल लोडिंग का काम कराया जाता था। बाद में यह काम बंद कर दिया गया। इससे इस कार्य पर निर्भर मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, महंगाई के मौजूदा दौर में बच्चों की पढ़ाई, परिवार के भरण-पोषण और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

आश्वासन के बाद भी काम शुरू नहीं होने का आरोप
प्रदर्शन में शामिल मजदूरों ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से मैनुअल लोडिंग शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके लिए तारीख भी बताई गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। इसके बाद मजदूरों ने प्रदर्शन कर अपनी मांग प्रबंधन के सामने रखी।जनता श्रमिक संघ के बास्ताकोला शाखा सचिव एवं वास्तकोला निवासी प्रेम गोप के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी दूसरे का रोजगार छीनना नहीं है। वे अपने श्रम के बदले रोजगार और मजदूरी चाहते हैं, ताकि परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

रोजगार के लिए पलायन रोकने की मांग
मजदूरों का कहना है कि यदि चांदमारी कोलियरी में मैनुअल लोडिंग का काम फिर से शुरू होता है तो स्थानीय मजदूरों को रोजगार का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें काम की तलाश में झारखंड से बाहर पलायन करने की मजबूरी भी कम होगी।
प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल प्रबंधन से जल्द से जल्द मैनुअल लोडिंग शुरू कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में जनता श्रमिक संघ के बास्ताकोला शाखा सचिव प्रेम गोप, सचिव छोटू भुईंया, उपाध्यक्ष दिनेश ओझा, संगठन सचिव पप्पू रवानी, कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश भुईंया, गुड्डू यादव, छोटू चौहान, संतोष बरनवाल, छोटू भुईंया, भोला भुईंया, मनोज पासवान, अरुण यादव, अनीता देवी, भीम गोप, विजय चन्द्रवंशी, उपेन्द्र सिंह, रितेश मोदक, रुक्मिणी देवी, गीता देवी, रीता देवी, सुनैना देवी, आशा देवी, शांति देवी और गायत्री देवी समेत बड़ी संख्या में मजदूर एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

रांची में 1.86 लाख पेंशनधारियों को सितंबर की पेंशन, DBT से खाते में पहुंचे 18.66 करोड़ रुपये
रांची। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के पेंशनधारियों को सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान…

झारखंड में सरकारी डॉक्टर 9-10 अक्टूबर को लगाएंगे काला बिल्ला, 21 को प्रदर्शन; 22 से हड़ताल की चेतावनी
DACP, डॉक्टरों की सुरक्षा, खाली पदों पर नियुक्ति समेत कई मांगें; IMA समेत 9 चिकित्सा संगठन आंदोलन में शामिल रांची। झारखंड में…

















