झारखंड में छात्रों और JMM कार्यकर्ताओं के बीच टकराव, रांची से गिरिडीह तक गरमाया माहौल

रांची/गिरिडीह। झारखंड में शुक्रवार को JMM कार्यकताओं और छात्र संगठनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कई जगहों पर तनाव की स्थिति देखने को मिली। रांची के फिरायालाल चौक और गिरिडीह के झंडा मैदान में छात्र प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ आमना-सामना हो गया। गिरिडीह में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई।

गिरिडीह के झंडा मैदान में भी छात्र विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की ओर से मुख्यमंत्री का पुतला दहन किए जाने की तैयारी थी। इसी दौरान झामुमो के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुतला दहन का विरोध करने लगे।
शुरुआत में पुतला लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसके बाद बड़ी संख्या में झामुमो समर्थकों के मैदान में पहुंचने की बात सामने आई। छात्रों का आरोप है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों के साथ उन्हें दौड़ाया और मारपीट की।

झड़प के दौरान झंडा मैदान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारी छात्र बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इसी दौरान मुख्यमंत्री का पुतला भी छात्रों से छीन लिया गया।
वहीं, राजधानी रांची के फिरायालाल चौक पर भी छात्र आंदोलन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के आमने-सामने आने की स्थिति बनी। यहां भी विरोध प्रदर्शन को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी हुई है। हालांकि रांची की घटना में मारपीट नही हुई।
दोनों घटनाओं के बाद झारखंड में छात्र आंदोलन और सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।















