मुरी रेलवे स्टेशन पर शराब की खेप जब्त, बिहार ले जा रहा था तस्कर गिरफ्तार

रांची : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट मुरी ने ऑपरेशन “सतर्क” के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुरी रेलवे स्टेशन से अवैध शराब की खेप बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, 23 जून को मुरी रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में अवैध वस्तुओं, दलालों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर न्यू फुट ओवर ब्रिज के पास एक व्यक्ति सफेद रंग का भारी बोरा लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर आरपीएफ टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बिंदेश्वर यादव (64 वर्ष), निवासी शफीपुर, थाना खुसरूपुर, जिला पटना (बिहार) के रूप में बताई। जांच के दौरान उसने स्वीकार किया कि बोरा उसका है और उसमें शराब रखी हुई है।
बोरे की तलाशी लेने पर उसमें से 79 अवैध पाउच एवं केन शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था, ताकि अवैध लाभ कमा सके।
आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त शराब के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची को सौंप दिया है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन “सतर्क” के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
















