Major crackdown on brown sugar in Ranchi; 5 smugglers arrested from three police station areas.

रांची में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन थाना क्षेत्रों से 5 तस्कर गिरफ्तार

Share
Link copied
Major crackdown on brown sugar in Ranchi; 5 smugglers arrested from three police station areas.
Major crackdown on brown sugar in Ranchi; 5 smugglers arrested from three police station areas.

रांची: राजधानी रांची में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को मिली सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में संयुक्त एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले हिन्दपीढ़ी थाना क्षेत्र में मरवाड़ी कॉलेज के समीप छोटा तालाब के पास एक अर्द्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर मो. एहतेशाम और मो. शहादत को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। दोनों के पास से 1.29 ग्राम ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद की गई। इस मामले में हिन्दपीढ़ी थाना कांड संख्या 56/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसके बाद एसआईटी ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुड़ला पहाड़, हेहल के पास छापेमारी कर जितेन्द्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। साथ ही एक मोटरसाइकिल और एक सीएनजी ऑटो भी जब्त किया गया। इस संबंध में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 215/26 दर्ज किया गया है।

इसी क्रम में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जेपीएससी कार्यालय के समीप कार्रवाई करते हुए राजकुमार पुराण को 8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ कोतवाली थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजकुमार पुराण पर चोरी और अन्य मामलों के दो पुराने केस दर्ज हैं, जबकि मो. शहादत और मो. एहतेशाम पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।