रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की नितिन गडकरी से मुलाकात: रांची को मिलेंगी तीन बड़ी सौगातें
रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रांची में हाल ही में लोकार्पित एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए कृतज्ञता व्यक्त की और एक स्मरण पत्र सौंपा, जिसमें रांची के लिए फ्लैश चार्जिंग बस, आउटर रिंग रोड, और एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोहराय पेंटिंग जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल थे। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इन तीनों प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची-जमशेदपुर के लिए फ्लैश चार्जिंग बस
रांची से जमशेदपुर और शहर के भीतर संचालित होने वाली अत्याधुनिक फ्लैश चार्जिंग बस की योजना को हरी झंडी मिल गई है। इस बस में एक साथ 135 यात्री यात्रा कर सकेंगे, जिसमें दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित सीटें और चाय-कॉफी के लिए विशेष काउंटर की सुविधा होगी। खास बात यह है कि यह बस केवल 15 सेकंड के चार्ज में 40 किलोमीटर तक चल सकेगी। नागपुर के बाद रांची देश का दूसरा शहर होगा, जहां यह सुविधा शुरू होगी। इसके लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोहराय पेंटिंग
रक्षा राज्य मंत्री ने रांची के रातू रोड स्थित एलिवेटेड कॉरिडोर को झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने के लिए सोहराय पेंटिंग की सज्जा का प्रस्ताव रखा। केंद्रीय मंत्री ने इस पर तुरंत कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को निर्देश दिए। जल्द ही यह कॉरिडोर झारखंड की जल, जंगल, जमीन और सोहराय कला की अलौकिक छटा से सुसज्जित होगा।
6500 करोड़ की लागत से आउटर रिंग रोड
रांची के विकास को नई गति देने के लिए आउटर रिंग रोड की योजना पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने 6500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इसकी डीपीआर तैयार करने के लिए NHAI को निर्देश दिए। यह परियोजना रांची के यातायात और शहरी विस्तार को नया आयाम देगी।
रांची के लिए गर्व का पल
रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है, और रांची भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी का झारखंड और रांची के प्रति प्रेम और समर्पण इन परियोजनाओं में स्पष्ट झलकता है।” उन्होंने इन सौगातों के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री के प्रति रांची की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
















