राईट टू सर्विस एक्ट के तहत सिमडेगा पुलिस ने समयबद्ध किया पासपोर्ट व चरित्र प्रमाण-पत्र सत्यापन

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: राईट टू सर्विस एक्ट के तहत आम नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिमडेगा पुलिस पासपोर्ट एवं चरित्र प्रमाण-पत्र सत्यापन कार्य का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी लंबित एवं नए आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जनवरी से जुलाई 2026 के बीच पासपोर्ट सत्यापन के कुल 850 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 843 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया है। जुलाई माह के अंत तक लंबित 7 आवेदनों का सत्यापन भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा रहा है।


वहीं, चरित्र प्रमाण-पत्र सत्यापन के लिए इसी अवधि में 3,378 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3,297 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 81 आवेदनों का सत्यापन भी शीघ्र पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।


पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष एवं समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि आवेदकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही एवं पूर्ण रूप से जमा करें तथा सत्यापन प्रक्रिया के दौरान पुलिस को आवश्यक जानकारी और सहयोग समय पर उपलब्ध कराएं। इससे निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा होगी।

















