JPSC-JSSC परीक्षा धांधली के विरोध में आज विधानसभा मार्च, आइसा की केंद्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा होंगी शामिल


रांची: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की ओर से आज दोपहर 12 बजे जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में बिरसा चौक से विधानसभा मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च राज्यव्यापी छात्र प्रतिवाद का हिस्सा होगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल होने की संभावना है।


इस आंदोलन में दिल्ली के जंतर-मंतर छात्र आंदोलन का हिस्सा रहीं आइसा की केंद्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी शामिल होंगी। संगठन का कहना है कि लंबे समय से छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं निकला है।


आइसा ने राज्य सरकार से आंदोलनरत छात्रों के साथ तत्काल संवाद स्थापित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सरकार छात्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रह सके। छात्र संगठन ने राज्यभर के छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में विधानसभा मार्च में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।



















