सरायकेला में बैंक ऑफ इंडिया में चोरी का प्रयास, ताला तोड़ा; ग्रामीणों की सतर्कता से टली वारदात

सरायकेला: सरायकेला में चोरों ने जिला समाहरणालय के समीप स्थित बैंक ऑफ इंडिया को निशाना बनाने का प्रयास किया। शुक्रवार देर रात चोरों ने बैंक के साइन बोर्ड की लाइट का तार काटने के बाद सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया। हालांकि, आसपास लोगों की मौजूदगी के कारण चोर बैंक के अंदर प्रवेश नहीं कर सके और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बैंक के साइन बोर्ड की लाइट का तार काट दिया, जिससे आसपास अंधेरा हो गया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाया और लोहे की रॉड से मुख्य प्रवेश द्वार का ताला तोड़ दिया। बैंक के बगल में स्थित मां मानसा क्लब में देर रात तक लोगों की आवाजाही होने के कारण चोर अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बैंक के मुख्य गेट का ताला टूटा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सरायकेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़ा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर बैंक के शाखा प्रबंधक कैलाश मंडल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ने में सफल हुए हैं, लेकिन बैंक के अंदर किसी तरह की क्षति नहीं हुई है। घटना की जानकारी हेड ऑफिस को दे दी गई है। वहां से टीम रवाना हो चुकी है, जिसके पहुंचने के बाद बैंक परिसर की विस्तृत जांच की जाएगी।

सरायकेला थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिन पहले थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित एक राशन दुकान से करीब एक लाख रुपये की चोरी हुई थी। उस घटना में भी चोरों ने एक साथ कई स्थानों को निशाना बनाया था।

अब जिला समाहरणालय के समीप बैंक में चोरी के प्रयास ने पुलिस की रात्रि गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाहरणालय के आसपास उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत जिले के कई महत्वपूर्ण कार्यालय स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में बैंक को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

खूंटी में तिग्गा नदी पुल के नीचे मैदा के बोरे में मिला युवती का शव, हत्या की आशंका
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तिग्गा नदी पुल के नीचे मैदा के बोरे में बंद…

NH-33 पर पलटी कोलकाता-रांची जा रही शिवम बस, 20 से अधिक यात्री घायल
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। झाबरी गांव के समीप एनएच-33 पर कोलकाता से…
















