सिमडेगा-रांची मार्ग पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर, एक की मौत, आधा दर्जन घायल
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा से रांची जा रही मूनलाइट यात्री बस की कोलेबिरा घाटी में एक मालवाहक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बस के खलासी रोशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मूनलाइट बस सुबह 10:45 बजे सिमडेगा से रांची के लिए रवाना हुई थी। कोलेबिरा घाटी में ओवरटेक करने के दौरान बस सामने से आ रहे एक मालवाहक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस का चालक अनूप केबिन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया। घायलों में चालक अनूप, कंडक्टर सुरजीत सिंह, यात्री क्रिस्टीना बा, इसीका डुंगडुंग, कॉर्नेलियस डुंगडुंग और एक बच्ची शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिमडेगा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक खलासी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद एनएच 143 पर दोनों ओर जाम लग गया, जिससे सिमडेगा-रांची मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारू करने में जुटी है।


















