भाजपा का हमला: स्वास्थ्य विभाग घोटाले की स्वतंत्र जांच और मंत्री की बर्खास्तगी की मांग

भाजपा का हमला: स्वास्थ्य विभाग घोटाले की स्वतंत्र जांच और मंत्री की बर्खास्तगी की मांग

Share
Link copied
Demand for independent investigation into the Health Department scam and dismissal of the Minister
Demand for independent investigation into the Health Department scam and dismissal of the Minister

रांची : राजधानी रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायक नवीन जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य विभाग में कथित घोटाले की निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग उठाई।

संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सचिव को जांच के लिए पत्र लिखना स्वागत योग्य कदम है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि विभागीय जांच में मामले की लीपापोती हो सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की मांग है कि पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

भाजपा विधायक ने यह भी मांग की कि घोटाले में संलिप्त मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए। साथ ही, इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की गई। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पहले ही स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई मामलों को उजागर कर चुकी है।

नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री के करीबी लोगों के एक ही परिवार के छह सदस्यों ने अलग-अलग कंपनियां बनाकर टेंडर हासिल किए हैं, जो गंभीर अनियमितता को दर्शाता है।

राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब से झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार बनी है, तब से भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं। उन्होंने बालू, कोयला और जमीन से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में लूट की स्थिति बनी हुई है।

इसके साथ ही उन्होंने हाल में सामने आए ट्रेजरी घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यह साबित होता है कि अब सरकारी खजाना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। भाजपा ने इस मामले की जांच भी सीबीआई से कराने की मांग की है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।