चाईबासा : पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, बाघचट्टा गांव में पसरा मातम
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के बाघचट्टा गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के पास खेलते समय बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए। डूबने से दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों की पहचान अगस्तीन टुडू के छह वर्षीय पुत्र गॉडसन टुडू और चार वर्षीय पुत्री एंजेल टुडू के रूप में हुई है। अगस्तीन आनंदपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। बताया गया कि दोनों बच्चे अपने पिता के साथ ही रहते थे।

स्कूल से लौटने के बाद खेलने निकले थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोनों बच्चे आनंदपुर स्थित डीएवी स्कूल गए थे। दोपहर करीब दो बजे स्कूल से लौटने के बाद दोनों ने घर पर खाना खाया। इसके बाद वे खेलने के लिए घर के पास स्थित इमली के पेड़ की ओर चले गए। बताया गया कि घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बारिश के पानी से एक गहरा गड्ढा भर गया था। इसी गड्ढे के पास दोनों बच्चों के पहुंचने के दौरान पैर फिसलने से वे पानी में गिर गए। उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी।

शाम तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
शाम करीब सात बजे तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो पिता अगस्तीन ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और पड़ोस में खोजबीन के बाद ग्रामीणों की मदद से पानी से भरे गड्ढे में भी तलाश की गई। तलाश के दौरान दोनों बच्चों के शव पानी में मिले। देर रात ग्राम मुंडा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पिता ने हादसा बताया
घटना की सूचना आनंदपुर थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी प्रिंस कुमार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पिता अगस्तीन ने पुलिस को दिए बयान में किसी पर संदेह नहीं जताया और घटना को हादसा बताया। बताया गया कि पिता ने दोनों बच्चों के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध भी किया है।एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से बाघचट्टा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तालाब में डूबने से छात्र की मौत, वनांचल शिशु विद्या मंदिर प्रशासन ने रखा पक्ष
प्रबंधन का दावा- सुरक्षा में नहीं हुई लापरवाही, गेंद निकालने के दौरान तालाब में गिरा था छात्र हजारीबाग। शहर के जबरा रोड…

स्कूल की जांच करने पहुंचे डीसी मनीष कुमार, खुद बने शिक्षक और ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाया गणित
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार गुरुवार को मनोहरपुर प्रखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने एसएसआईपी प्लस टू उच्च…

















